बार-बार फ्रैक्चर क्यों होता है? जानें कारण और समाधान?

जब कभी किसी दुर्घटना या अन्य कारण से हमारे शरीर की कोई हड्डी टूट जाती है तो रोज़मर्रा की ज़िंदगी पर बुरा असर पड़ता है। इसकी वजह से हमारे कई काम प्रभावित होते हैं, और हम दर्द से भी परेशान रहते हैं।

किसी विशेष कारण से कभी-कभी हड्डी टूटना आम बात हो सकती है, लेकिन अगर आपको बार-बार फ्रैक्चर हो रहे हैं, तो यह चिंता की बात है जिस पर तुरंत ध्यान देना ज़रूरी है।

बार-बार फ्रैक्चर होने के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें से कुछ आपकी सेहत से जुड़े होते हैं और कुछ आपकी जीवनशैली से भी। ऐसे में इस आर्टिकल में हम बार-बार फ्रैक्चर होने के कारणों और उनसे निपटने के प्रभावी तरीकों पर चर्चा करेंगे।

बार-बार फ्रैक्चर होने के मुख्य कारण

हम सभी जानते हैं कि हड्डियाँ हमारे शरीर के लिए बहुत जरूरी है। यह हमारे शरीर को सहारा देती हैं, और हमें चलने-फिरने में मदद करती हैं।

अंगों को संभालने और उसके संचालन में हड्डी का बहुत बड़ा रोल रहता है। जैसे हमारे हाथ, पैर, मुंह आदि। जब ये कमज़ोर हो जाती हैं, तो छोटी-मोटी चोट भी बड़े फ्रैक्चर का कारण बन जाती है। बार-बार फ्रैक्चर होने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं, जो इस प्रकार है।

1. ऑस्टियोपोरोसिस या हड्डियों का कमज़ोर होना

यह हड्डियों के बार-बार फ्रैक्चर होने का सबसे बड़ा और आम कारण माना गया है, हालांकि यह बुज़ुर्गों में अधिक देखने को मिलता है।

ऑस्टियोपोरोसिस एक ऐसी स्थिति है जिसमें हड्डियाँ अंदर से खोखली और भुरभुरी हो जाती हैं। ऐसे में जरा सी चोट लगने पर भी वह टूट जाती है। यह आमतौर पर कैल्शियम और विटामिन डी की कमी से होता है, जो हड्डियों के निर्माण के लिए बेहद ज़रूरी हैं।

2. सही पोषण की कमी

हड्डियों को मज़बूत रखने के लिए कैल्शियम के अलावा विटामिन डी, फ़ास्फोरस, मैग्नीशियम और प्रोटीन जैसे पोषक तत्व भी बेहद ज़रूरी हैं।

विटामिन डी शरीर को कैल्शियम सोखने में मदद करता है, जबकि प्रोटीन हड्डियों के ढांचे का एक अहम हिस्सा है। अगर भोजन में इन पोषक तत्वों की कमी है, तो आपकी हड्डियाँ धीरे-धीरे कमज़ोर हो सकती हैं और फ्रैक्चर का खतरा बढ़ सकता है।

3. कुछ ख़ास बीमारियां

कुछ खास बीमारियां भी सीधे तौर पर हड्डियों को कमज़ोर कर सकती हैं, या शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण को प्रभावित कर सकती हैं। वे इस प्रकार हैं।

— हाइपरपैराथायरायडिज्म: इसमें पैराथायरायड ग्रंथियां आवश्यकता से अधिक पैराथायरायड हार्मोन बनाती हैं, जिससे हड्डियों से कैल्शियम निकल कर खून में चला जाता है और हड्डियाँ कमज़ोर हो जाती हैं।

— सीलिएक रोग: यह पाचन संबंधी विकार है जहाँ शरीर ग्लूटेन को पचा नहीं पाता है। इससे छोटी आँत में पोषक तत्वों का अवशोषण प्रभावित होता है, जिससे हड्डियों के लिए ज़रूरी पोषक तत्वों की कमी हो जाती है।

— अल्सरेटिव कोलाइटिस: ये पेट की सूजन वाली बीमारियां हैं, जो भी पोषक तत्वों के अवशोषण में बाधा डालती हैं।

— किडनी रोग: किडनी, शरीर में कैल्शियम और फ़ास्फोरस के संतुलन को बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाती हैं। किडनी की बीमारी में यह संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे हड्डियाँ कमज़ोर हो सकती हैं।

— रुमेटीइड गठिया : ये बीमारियाँ हड्डियों के घनत्व को कम कर सकती हैं, क्योंकि इन बीमारियों में शरीर की अपनी प्रतिरक्षा प्रणाली हड्डियों पर हमला करती है।

— कुछ कैंसर : हड्डियों का कैंसर सीधे हड्डियों को कमज़ोर कर सकता है। इसके अलावा, कुछ कीमोथेरेपी या रेडिएशन थेरेपी भी हड्डियों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर डालती हैं।

4. दवाओं के साइड इफेक्ट्स:

कुछ दवाएं भी अगर लंबे समय तक ली जाएं तो हड्डियों के स्वास्थ्य पर बूरा प्रभाव डालती हैं। उदाहरण के लिए, कॉर्टिकोस्टेरॉइड्स अस्थमा, गठिया या अन्य सूजन संबंधी बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होते हैं, जिसका असर भी प्रभावित करता है। मिर्गी, पेट के अल्सर के लिए प्रोटॉन पंप इनहिबिटर, और कुछ कैंसर की दवाएँ भी हड्डियों के घनत्व को कम कर सकती हैं।

5. आनुवंशिक कारक:

कुछ लोगों में आनुवंशिक कारणों से उनकी हड्डियाँ कमज़ोर होती हैं या वे हड्डियों से संबंधित बीमारियों से ग्रसित होते हैं। अगर आपके परिवार में किसी को बार-बार फ्रैक्चर या ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या रही है, तो आपको भी इसका जोखिम हो सकता है।

6. शारीरिक गतिविधियों में कमी:

हड्डियों को मजबूत रखने के लिए हड्डियों पर हल्का वजन डालने वाली शारीरिक गतिविधियां जरूरी है। जब हम चलते हैं, दौड़ते हैं या कूदते हैं, तो हड्डियों पर हल्का तनाव पड़ता है जो उन्हें मज़बूत और घना बनाने में मददगार है।

अगर आप ज़्यादा देर तक बैठे रहते हैं या पर्याप्त शारीरिक गतिविधि नहीं करते, तो आपकी हड्डियां धीरे-धीरे कमज़ोर हो सकती हैं।

7. अत्यधिक शराब का सेवन और धूम्रपान:

अत्यधिक शराब का सेवन और धूम्रपान हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए खराब है। शराब हड्डियों के निर्माण और मरम्मत की प्रक्रिया में बाधा डालती है और शरीर में कैल्शियम के अवशोषण को कम करती है।

सिगरेट में निकोटिन होता है, जो हड्डियों में रक्त प्रवाह को कम करता है और हड्डियों को बनाने वाली कोशिकाओं की गतिविधि को धीमा कर देता है, जिससे हड्डियाँ कमज़ोर हो जाती हैं।

8. बार-बार गिरना:

यदि आपको संतुलन संबंधी समस्याओं, मांसपेशियों की कमज़ोरी, आँखों की रोशनी में कमी, या किसी तंत्रिका संबंधी समस्या के कारण बार-बार गिरने की समस्या है, तो भी फ्रैक्चर होने की संभावना बढ़ जाती है। हालांकि इसमें हड्डी की कमजोरी वाला मामला नहीं है

बार-बार फ्रैक्चर का समाधान और रोकथाम

अगर आपको बार-बार फ्रैक्चर हो रहे हैं, तो इसे हल्के में न लें। ऐसी स्थिति में तुरंत किसी हड्डी रोग विशेषज्ञ से सलाह लेना बहुत ज़रूरी है। डॉक्टर आपके लक्षणों, मेडिकल हिस्ट्री और कुछ ख़ास टेस्ट के आधार पर सटीक कारण का पता लगाकर उपचार शुरू करेंगे।

उपरोक्त अलावा निम्नलिखित उपाय आपके लिए बार-बार होने वाले फ्रैक्चर से राहत दिला सकते हैं।

1. पोषक तत्वों का पर्याप्त सेवन :

— कैल्शियम: अपने आहार में कैल्शियम से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे दूध, दही, पनीर, हरी पत्तेदार सब्ज़ियां, बादाम, तिल, टोफू और फोर्टीफाइड जूस को शामिल करें।

— विटामिन डी: रोज़ाना सुबह की धूप में 15-20 मिनट तक अवश्य बैठें। मछली, अंडे की ज़र्दी और फोर्टीफाइड दूध या अनाज का सेवन करें।

— अन्य पोषक तत्व: खाने में वे पदार्थ शामिल करें जिसमें प्रोटीन, मैग्नीशियम और फ़ास्फोरस भी पर्याप्त मात्रा में हो।

2. नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
3. शराब और धूम्रपान का सेवन नहीं करें।
4. पर्याप्त नींद लें और वजन पर नियंत्रण रखें।
5. निश्वित समयांतराल पर स्वास्थ्य जाचं करवाते रहें।

बार-बार फ्रैक्चर होना एक गंभीर चेतावनी का संकेत है, जिसे कभी भी नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए। अपनी हड्डियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना आपके स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता के लिए बेहद ज़रूरी है। हड्डियों से जुड़ी किसी भी समस्या और चिकित्सा सहायता के लिए डॉ. चौधरी हॉस्पीटल, उदयपुर में विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।

खाली पेट और खाने के बाद ब्लड शुगर की तुलना: आपकी हेल्थ रिपोर्ट क्या कहती है?

ब्लड शुगर जिसे रक्त शर्करा भी कहा जाता है। यह हमारे शरीर के लिए ऊर्जा का मुख्य स्रोत होती है। सामान्य भाषा में कहे तो यह वह ग्लूकोज है जो हम भोजन से प्राप्त करते हैं और यह खून में घूमता रहता है। हमारे शरीर की हर कोशिका को ठीक से काम करने के लिए इसकी आवश्यकता होती है।

हालांकि, इसका स्तर सामान्य सीमा में रहना जरूरी है। ब्लड शुगर का स्तर बहुत अधिक या बहुत कम होने पर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।

इस आर्टिकल में हम ब्लड शुगर से जुड़े विषयों और खाली पेट और खाने के बाद ब्लड शुगर की तुलना पर चर्चा करेंगे।

ब्लड शुगर क्या है?

ब्लड शुगर, जिसे ग्लूकोज भी कहा जाता है। यह एक प्रकार की चीनी है जो हमारे रक्त में पाई जाती है। जब हम भोजन करते हैं, तो उसके जरिये यह शरीर को प्राप्त होती है।

जब हम खाना खाते हैं, तो हमारा शरीर कार्बोहाइड्रेट को ग्लूकोज में तोड़ देता है, जिससे शरीर को ऊर्जा मिलती है। इंसुलिन, अग्न्याशय से उत्पादित एक हार्मोन है, जो ग्लूकोज को रक्त से कोशिकाओं में जाने में मदद करता है।

ब्लड शुगर क्या काम करता है?

ब्लड शुगर मुख्य रूप से भोजन के माध्यम से शरीर में आता है। जब हम कार्बोहाइड्रेट खाते हैं, जैसे कि रोटी, चावल, फल और सब्जियां तो हमारा पाचन तंत्र उन्हें ग्लूकोज में तोड़ देता है। यह ग्लूकोज फिर रक्तप्रवाह यानी शरीर में बहने वाले रक्त में अवशोषित हो जाता है।

इसके अलावा, हमारा यकृत यानी लीवर भी ग्लूकोज का उत्पादन और भंडारण कर सकता है, ताकि रक्त शर्करा के स्तर को स्थिर रखा जा सके। यह उस समय ज्यादा काम आता है जब हम भोजन नहीं कर रहे होते हैं।

खाली पेट ब्लड शुगर की जांच क्यों की जाती है?

खाली पेट ब्लड शुगर जिसे Fasting Blood Sugar – FBS भी कहते हैं, इसकी जांच सुबह भूखे पेट होती है। यह जांच इसलिए महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि इससे यह समझने में मदद करती है कि आपका शरीर इंसुलिन के बिना ग्लूकोज को कितनी अच्छी तरह नियंत्रित कर रहा है, यानी भोजन से प्राप्त ग्लूकोज के प्रभाव के बिना क्या स्थिति है।

खाने के बाद ब्लड शुगर की जांच क्यों की जाती है?

खाने के बाद ब्लड शुगर जिसे Postprandial Blood Sugar – PPBS की जांच कहा जाता है। यह खाने के बाद 2 घंटे बाद की जाती है। यह जांच यह जानने के लिए की जाती है कि आपका शरीर भोजन से प्राप्त ग्लूकोज को कितनी अच्छी तरह संभाल रहा है।

भोजन के बाद ब्लड शुगर का स्तर बढ़ना सामान्य है, लेकिन यदि यह एक निश्चित सीमा से ज्यादा बढ़ता है और लंबे समय तक उच्च रहता है, तो यह डायबिटीज का संकेत हो सकता है।

खाली पेट और खाने के बाद शुगर की जांच क्यों की जाती है?

दरअसल, ब्लड शुगर के स्तर की सटीक रिपोर्ट के लिए खाली पेट और खाने के बाद दोनों तरह की जांच की जाती है। इन दोनों रिपोर्ट की तुलना करके, डॉक्टर आपके शरीर की ग्लूकोज को नियंत्रित करने की क्षमता का मूल्यांकन करते हैं।

इसमें भूखे पेट जांच से यह मालूम चलता है कि आपका लिवर कितनी अच्छी तरह ग्लूकोज का उत्पादन और भंडारण कर रहा है। आपका शरीर आराम की स्थिति में इंसुलिन का उपयोग कैसे कर रहा है।

खाने के बाद की जांच से मालूम चलता है कि भोजन के बाद आपका शरीर कितनी कुशलता से ग्लूकोज को अवशोषित और उपयोग कर रहा है।

ब्लड शुगर कितना होना चाहिए?

ब्लड शुगर का सामान्य स्तर व्यक्ति की उम्र और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार अलग अलग हो सकता है। आमतौर पर, खाली पेट ब्लड शुगर 70-99 mg/dL होना चाहिए, जबकि खाने के 2 घंटे बाद यह 140 mg/dL से कम होना चाहिए।

यदि खाली पेट शुगर 100-125 mg/dL या खाने के बाद 140-199 mg/dL है, तो यह प्री-डायबिटीज हो सकता है।

वहीं, अगर खाली पेट शुगर 126 mg/dL या अधिक, और खाने के बाद 200 mg/dL या अधिक है, तो यह डायबिटीज का संकेत है।

ब्लड शुगर लो क्यों होता है

ब्लड शुगर का कम होने को हाइपोग्लाइसीमिया कहा जाता है। यह तब होता है जब रक्त में ग्लूकोज का स्तर सामान्य से नीचे चला जाता है।

इसके मुख्य कारणों में डायबिटीज की दवाओं की अधिक खुराक या गलत समय पर दवाएं लेना, भोजन नहीं करना या खाने के बीच लंबा अंतराल, अत्यधिक शारीरिक गतिविधि, खाली पेट शराब का सेवन, और कुछ चिकित्सीय स्थितियां जैसे लिवर या किडनी की समस्याएँ शामिल हैं। यदि आपको बार-बार ब्लड शुगर कम होने के लक्षण महसूस होते हैं, तो डॉक्टर से सलाह अवश्य लें।

ब्लड शुगर कम होने के लक्षण क्या है?

ब्लड शुगर कम होने के लक्षण निम्नलिखित हैं।

1. चक्कर आना
2. पसीना आना
3. कंपकंपी
4. कमजोरी
5. भ्रम और दिल की धड़कन तेज होना।

ब्लड शुगर बढ़ने के लक्षण

ब्लड शुगर बढ़ने के लक्षण निम्नलिखित हैं।

1. अत्यधिक प्यास लगना
2. बार-बार पेशाब आना
3. थकान महसूस होना
4. धुंधली दृष्टि व सिरदर्द
5. बिना कारण वजन कम होना
6. घावों का देर से भरना

अगर आपको भी शरीर में शुगर की मात्रा कम होने या बढ़ने के लक्षण महसूस होते हैं, और वे बने रहते हैं तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए। डॉक्टर आपकी खाली पेट व खाने के बाद शुगर की जाचें करवाएंगे।

साथ ही आवश्यकता पड़ने पर पिछले तीन माह की रिपोर्ट के लिए भी खून की जांच करवाई जा सकती है। इसके बाद डॉक्टर आपकी खाली पेट व खाने के बाद की शुगर जांच के आधार पर आपको दवाएं देंगे। साथ ही, यह ही यह भी निष्कर्ष निकालेंगे कि आपको डायबिटीज है या नहीं और अगर है तो किस स्टेज पर है।

LDL, HDL और ट्राइग्लिसराइड्स: कौन सा कोलेस्ट्रॉल दिल के लिए खतरनाक है?

आजकल की तनावपूर्ण और भागदौड़ भरी ज़िंदगी में हमारे खान-पान और जीवनशैली का सीधा असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ता है। जिसका संबंध कोलेस्ट्रॉल से होता है।

आपने कई बार लोगों से कोलेस्ट्रॉल के बारे में जरूर सुना होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कोलेस्ट्रॉल सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई प्रकार का होता है, और इनमें से कुछ तो हमारे दिल के लिए खतरनाक तक हो सकते।

इस आर्टिकल में, हम आपको LDL, HDL और ट्राइग्लिसराइड्स के बारे में विस्तार से बताएंगे। आर्टिकल में हम जानेंगे कि कौन सा कोलेस्ट्रॉल आपके दिल को नुकसान पहुंचाता है और इसे कैसे कम किया जा सकता है।

कोलेस्ट्रॉल क्या है? (What is Cholesterol?)

सबसे पहले यह जानना ज़रूरी है कि कोलेस्ट्रॉल क्या होता है? कोलेस्ट्रॉल एक वसानुमा पदार्थ होता है जो हमारे शरीर की हर कोशिका में पाया जाता है। यह मोम की तरह होता है, और लीवर इसे बनाता है।

हमारे शरीर को स्वस्थ कोशिकाओं, हार्मोन जैसे विटामिन डी, टेस्टोस्टेरोन और एस्ट्रोजन और पाचन में मदद करने वाले पित्त लवण बनाने के लिए कोलेस्ट्रॉल की थोड़ी मात्रा की ज़रूरत होती है। यह हमारे भोजन से भी आता है, जब हम मांस, अंडे और डेयरी उत्पादों का सेवन करते हैं।

यहां समझने वाली बात यह​ है कि कोलेस्ट्रॉल खुद पानी में नहीं घुलता, इसलिए इसे रक्तप्रवाह में ले जाने के लिए लाइपोप्रोटीन नामक कणों की आवश्यकता होती है।

ये लाइपोप्रोटीन दो मुख्य प्रकार के होते हैं। कम घनत्व वाले लाइपोप्रोटीन जिन्हें LDL और उच्च घनत्व वाले लाइपोप्रोटीन जिन्हें HDL कहा जाता है। अब इन दोनों के बारे में समझेंगे।

LDL क्या होता है? (LDL Cholesterol Explained)

LDL का पूरा नाम कम घनत्व वाला लाइपोप्रोटीन (Low-Density Lipoprotein) है। इसे हम खराब कोलेस्ट्रॉल के नाम से भी पहचानते हैं। इसका काम यह होता है कि यह कोलेस्ट्रॉल को लीवर से शरीर की कोशिकाओं तक ले जाता है।

यदि रक्त में LDL का स्तर बहुत अधिक हो जाता है, तो यह धमनियों यानी रक्त वाहिकाओं की दीवारों पर जमना शुरू हो जाता है।

रक्त वाहिकाओं की दीवारों पर LDL का जमाव धीरे-धीरे प्लाक का रूप ले लेता है, जिससे धमनियां संकरी और कठोर हो जाती हैं। इस प्रक्रिया को एथेरोस्क्लेरोसिस (Atherosclerosis) कहा जाता है।

ये संकरी धमनियां रक्त प्रवाह को बाधित कर सकती हैं, और आगे चलकर इसी वजह से व्यक्ति को हृदय रोग, Heart Attack या स्ट्रोक (Stroke) की समस्या आती है।

HDL क्या होता है? (HDL Cholesterol Explained)

HDL को उच्च घनत्व वाला लाइपोप्रोटीन (High-Density Lipoprotein) कहा जाता है। इसे अच्छा कोलेस्ट्रॉल कहा जाता है। HDL का काम LDL के ठीक विपरीत होता है।

HDL अतिरिक्त कोलेस्ट्रॉल को शरीर की कोशिकाओं और धमनियों से वापस लीवर तक ले जाता है, जहाँ से इसे शरीर से बाहर निकाल दिया जाता है।

ऐसे में पर्याप्त मात्रा में HDL होने से धमनियों में प्लाक जमने से रोकने में मदद मिलती है, जिससे हृदय रोग का जोखिम कम होता है। इसलिए, HDL का स्तर जितना अधिक हो, हार्ट के स्वास्थ्य के लिए उतना ही बेहतर माना गया है।

ट्राइग्लिसराइड्स क्या है? (What are Triglycerides?)

ट्राइग्लिसराइड्स एक और प्रकार की वसा होती है जो हमारे रक्त में पाई जाती है। जब हम खाना खाते हैं, तो हमारा शरीर उन कैलोरीज़ को ट्राइग्लिसराइड्स में बदल देता है जिनका तुरंत उपयोग नहीं किया जाता है।

इन ट्राइग्लिसराइड्स को बाद में ऊर्जा के रूप में उपयोग करने के लिए वसा कोशिकाओं में संग्रहित​ किया जाता है।

हालांकि, ट्राइग्लिसराइड्स का हाई लेवल भी हृदय रोग के जोखिम को बढ़ा सकता है। ऐसा तब होता है जब LDL का स्तर भी उच्च होता है। उच्च ट्राइग्लिसराइड्स आमतौर पर अत्यधिक कैलोरी वाला भोजन करने, पर्याप्त शारीरिक गतिविधि न करने से जुड़ा होता है।

कौन सा कोलेस्ट्रॉल दिल के लिए खतरनाक है? (Which Cholesterol is Dangerous for Heart?)

सीधे तौर पर कहा जाए तो LDL जिसे खराब कोलेस्ट्रॉल ​कहा जाता है, यह हमारे दिल के लिए सबसे ज़्यादा खतरनाक है। जब इसका स्तर बढ़ता है, तो यह धमनियों में जमा होकर उन्हें संकरा कर देता है।

जिससे रक्त प्रवाह धीमा हो जाता है। इसकी वजह से दिल का दौरा पड़ने और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। दूसरी ओर, HDL जिसे हम अच्छा कोलेस्ट्रॉल कहते हैं। यह हमारे दिल की रक्षा करता है, क्योंकि यह अतिरिक्त कोलेस्ट्रॉल को धमनियों से हटाकर वापस लीवर तक पहुंचाता है।

इसलिए, हमें हमारे दिल को स्वस्थ रखने के लिए LDL और ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर को कम रखने और HDL के स्तर को बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए।

कोलेस्ट्रॉल कम कैसे करें? (How to Reduce Cholesterol?)

हमें हमारे दिल को स्वस्थ रखने के लिए कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित करना बहुत आवश्यक है। इसके लिए जीवनशैली में बदलाव ज्यादा जरूरी है। यहां पर हम कुछ उपायों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप अपना सकते हैं।

1. पौष्टिक एवं संतुलित आहार का सेवन करें।
2. नियमित योग एवं व्यायाम करें। मदद करता है।
3. वजन को नियंत्रित रखें।
4. शराब एवं धूम्रपान का सेवन नहीं करें।
5. चिंता एवं तनाव से दूर रहे।
6. नियमित रूप से अपने कोलेस्ट्रॉल की जांच करवाएं।
7. डॉक्टर से परामर्श लें।

सवाल जवाब

1. कोलेस्ट्रॉल कम करने के घरेलू उपाय / कोलेस्ट्रॉल घटाने के लिए क्या खाएं?

जवाब: खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए आप ओट्स, दालें, फलियां, सेब, नाशपाती, एबादाम, अखरोट, अलसी के बीज, चिया सीड्स, वसायुक्त मछली और जैतून का तेल जैसे घुलनशील फाइबर और स्वस्थ वसा वाले खाद्य पदार्थ जरूर खाएं। प्रोसेस्ड फूड और रेड मीट का सेवन कम करें।

2. हाई कोलेस्ट्रॉल के लक्षण क्या हैं?

जवाब: हाई कोलेस्ट्रॉल के आमतौर पर कोई सीधे दिखाई पड़ने वाले लक्षण नहीं होते हैं। इसे साइलेंट किलर कहा जाता है। क्योंकि इसका पता नियमित खून की जांच से ही चलता है। गंभीर मामलों में यह हृदय रोग का कारण बन सकता है, जिसके लक्षण सीने में दर्द, सांस फूलना या पैर में दर्द होते हैं।

3. कोलेस्ट्रॉल की नॉर्मल रेंज क्या है?

जवाब: इसे इस तरह समझ सकते हैं।

कुल कोलेस्ट्रॉल (Total): 200 mg/dL से कम होना चाहिए।

एलडीएल (LDL – खराब): 100 mg/dL से कम होना चाहिए।

एचडीएल (HDL – अच्छा): 60 mg/dL या ज़्यादा होना चाहिए।

ट्राइग्लिसराइड्स: 150 mg/dL से कम होना चाहिए।

4. क्या केला खाने से कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है?

जवाब: जी नहीं, केला खाने से कोलेस्ट्रॉल नहीं बढ़ता है। केले में घुलनशील फाइबर होता है जो LDL कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है।

5. कोलेस्ट्रॉल और हार्ट अटैक का क्या संबंध है?

जवाब: देखिए, जब LDL यानी खराब कोलेस्ट्रॉल धमनियों में जमा होकर प्लाक बनाता है, तो यह धमनियों को संकरा कर देता है। यदि यह प्लाक टूट जाता है और रक्त का थक्का बन जाता है, तो ऐसे में हृदय तक रक्त प्रवाह पूरी तरह अवरुद्ध कर सकता है, जिससे हार्ट अटैक आने की संभावना रहती है।

कोलेस्ट्रॉल हमारे शरीर के लिए बहुत ज़रूरी है, लेकिन इसके स्तर को संतुलित रखना भी उतना ही जरूरी है। दिल के स्वास्थ्य के लिए इसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

आसान भाषा में समझें तो LDL और ट्राइग्लिसराइड्स को नियंत्रित रखना और HDL को बढ़ाने से हमारा दिल स्वस्थ रहेगा। इसके लिए जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाकर जैसे स्वस्थ आहार लेना, नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रण, धूम्रपान छोड़कर आप आप अपने कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित कर सकते हैं।

इसके साथ ही, नियमित स्वास्थ्य जांच और डॉक्टर से परामर्श भी जरूरी है। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या के लिए डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।

खाने के बाद हल्का सीने में दर्द और चक्कर आना: क्या यह दिल की चेतावनी है या पाचन की गड़बड़ी?

आपने कभी कभार लोगों को यह कहते जरूर सुना होगा कि भोजन करने के बाद उनके सीने में दर्द होने लगता है। इतना ही नहीं, कभी कभार खाने के बाद चक्कर आने जैसी समस्याएं भी देखने को मिलती हैं।

लेकिन कभी आपने सोचा है कि ऐसा क्यों होता है? और अगर इस तरह की समस्याएं हो रही हैं तो क्या यह सामान्य है? या फिर आपका हार्ट आपको कोई चेतावनी दे रहा है? क्या पाचन संबंधी समस्याओं में ऐसा होता है?

देखिए! खाने के बाद सीने में हल्का दर्द और चक्कर आना एक बार के लिए सामान्य हो सकता है, लेकिन कभी-कभी यह चिंता का विषय भी हो सकता है। कई लोग इस समस्या को हार्ट अटैक से जोड़कर देखते हैं, तो कई बार पाचन संबंधी समस्याओं के कारण भी ऐसा हो सकता है।

इस आर्टिकल में इस बारे में विस्तार से जानेंगे कि खाने के बाद सीने में दर्द क्यों होता है? और खाने के बाद चक्कर क्यों आते हैं, और हमें कब सर्तकता बरतने की आवश्यकता है।

खाने के बाद सीने में दर्द क्यों होता है?

आमतौर पर खाने के बाद सीने में दर्द के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें से कुछ तो सामान्य होते हैं, और कुछ गंभीर होते हैं। सबसे पहले, यह समझना ज़रूरी है कि हमारा पाचन तंत्र और दिल, दोनों ही शरीर के ऊपरी हिस्से में होते हैं, इसलिए इनके लक्षण समान हो सकते हैं। हम इनकी पहचान करना आना चाहिए।

सबसे पहले हम पाचन संबंधी कारणों को समझेंगे, जो इस प्रकार हैं।

1. एसिड रिफ्लक्स: इसे सीने में दर्द का सबसे आम कारण माना है। जब पेट का एसिड भोजन नली में वापस आ जाता है, तो इससे छाती में जलन महसूस होने लगती है, जिसे हार्टबर्न कहा जाता है। ऐसा तब होता है जब हम मसालेदार या तला हुआ भोजन करके तुरंत लेट जाते हैं।

2. अपच: जब हम भारी खाना खाते हैं, तो पेट में गैस बनती है, जिससे दबाव महसूस होता है और सीने में हल्का दर्द होता है। ये दर्द अक्सर पेट के ऊपरी हिस्से से शुरू होकर छाती तक महसूस होता है।

3. गैस्ट्राइटिस या अल्सर: जब पेट की अंदरूनी परत में सूजन या घाव हो जाता है, तो ऐसे में खाने के बाद दर्द बढ़ सकता है, जो सीने तक फैल जाता है।

4. पित्ताशय की पथरी: अगर पित्ताशय में पथरी है, तो ऐसे में भारी या वसायुक्त भोजन के बाद सीने में तेज दर्द हो सकता है, जो अक्सर दाहिने कंधे तक फैल जाता है।

5. ग्रासनली में ऐंठन: कभी-कभी भोजन नली की मांसपेशियों में ऐंठन होने से भी ऐसा होता है। जिससे सीने में दर्द हो सकता है। यह दर्द अक्सर हार्ट अटैक जैसा लग सकता है।

हृदय संबंधी कारण

1. एनजाइना : एनजाइना दिल की मांसपेशियों को पर्याप्त मात्रा में रक्त नहीं मिल पाने के कारण होता है। खाने के बाद, पाचन के लिए अधिक रक्त पेट की ओर जाता है, जिससे दिल पर दबाव पड़ने की संभावना बढ़ जाती है और एनजाइना का दर्द बढ़ सकता है। यह दर्द अक्सर सीने के बीच में भारीपन जैसा महसूस होता है, और बांहों, गर्दन या जबड़े तक भी फैल सकता है।

2. हार्ट अटैक: कभी-कभी हार्ट अटैक के लक्षण भी खाने के बाद दिख सकते हैं। लेकिन आमतौर पर ऐसा कम देखने को मिलता है। हार्ट अटैक में सीने में तेज और लगातार दर्द होता है, जिसके साथ सांस लेने में तकलीफ, पसीना आना और चक्कर आने की समस्या भी देखने को मिलती है।

खाने के बाद चक्कर क्यों आते हैं?

खाने के बाद चक्कर आना भी चिंताजनक हो सकता है। इसके भी कई कारण होते हैं।

1. पोस्टप्रैन्डियल हाइपोटेंशन : यह सबसे सामान्य कारण है। जब हम खाना खाते हैं, तो शरीर का अधिकांश रक्त पाचन तंत्र की ओर चला जाता है। इससे शरीर के अन्य हिस्सों में खासकर मस्तिष्क में रक्त का प्रवाह कम हो जाता है, जिससे चक्कर आ सकते हैं।

2. ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव: खासकर डायबिटीज रोगियों में खाने के बाद ब्लड शुगर का स्तर तेजी से बढ़ या घट सकता है, जिससे चक्कर आने की संभावना रहती है।

3. डिहाइड्रेशन: अगर हम पर्याप्त पानी नहीं पीते हैं, तो भी चक्कर आने की समस्या हो सकती है। क्योंकि खाने के बाद शरीर को पाचन के लिए अतिरिक्त तरल पदार्थ की आवश्यकता होती है। उसकी कमी होने से भी चक्कर आते हैं।

4. दवाओं का साइड इफेक्ट: कुछ विशेष दवाओं जैसे बीपी आदि के सेवन से भी यह समस्या देखने को मिलती है।

5. एनीमिया : जब हमारे शरीर में खून की कमी होती है, तब ऑक्सीजन की आपूर्ति कम हो जाती है, जिससे भी चक्कर आ सकते हैं।

खाने के बाद सीने में दर्द के लक्षण

खाने के बाद सीने में दर्द के लक्षणों को पहचानना बहुत ज़रूरी है ताकि सही समय पर उपचार कर सके। खाने के बाद सीने में दर्द के लक्षणों को भी हम पाचन और हृदय संबंधी में अलग अलग तरीके से समझ सकते हैं।

पाचन संबंधी दर्द के लक्षण

1. सीने के निचले हिस्से या पेट के ऊपरी हिस्से में जलन या तेज दर्द।
2. खाने के बाद या लेटने पर दर्द।
3. खट्टी डकारें, कड़वाहट या भोजन का वापस ऊपर आना।
4. पेट फूलना, गैस या पेट में ऐंठन।

हृदय संबंधी दर्द के लक्षण:

1. सीने के बीच में भारीपन, दबाव, जकड़न जैसा दर्द।
2. दर्द का बांहों (खासकर बाईं बांह), गर्दन, जबड़े, पीठ या पेट तक फैलना।
3. सांस लेने में तकलीफ, पसीना आना, जी मिचलाना या उल्टी।
4. चक्कर आना या बेहोशी जैसा महसूस होना।

खाने के बाद सीने में दर्द होने पर क्या करें?

देखिए, इसके लिए आपको दर्द का प्रकार एवं लक्षणों को समझना बहुत जरूरी है। इसी के आधार पर अनुमान लगाया जा सकेगा कि आपको किस प्रकार का दर्द हो रहा है। यदि लगता है ये दर्द पाचन संबंधी है तब क्या करना चाहिए।

1. डॉक्टर की सलाह पर एसिड कम करने वाली दवाएं लें।
2. खाने के तुरंत बाद लेटे नहीं, कुछ देर टहलें या सीधे बैठें।
3. हमेशा ढीले कपड़े पहनें, टाइट कपड़े सीने पर दबाव बढ़ाते हैं।
4. मसालेदार, तैलीय या भारी भोजन के सेवन से बचें।
5. धूम्रपान और शराब के सेवन से बचें।

यदि दर्द हृदय संबंधी लक्षणों से जुड़ा महसूस हो, तब क्या करना चाहिए।

अगर आपको सीने में तेज दबाव, जकड़न, सांस लेने में तकलीफ, पसीना और चक्कर आने जैसे लक्षण महसूस होते हैं, तो तुरंत एम्बलेंस पर 108 या अपने स्थानीय आपातकालीन नंबर पर कॉल करें। इसे हल्के में न लें! जितना जल्दी हो सके डॉक्टर को दिखाएं। ऐसे समय में घबरांए नहीं, गले और कमर के आसपास के कपड़े ढीले करें। ज्यादा समस्या होने पर आवश्यकता पड़ने पर सीपीआर दें।

क्या खाने के बाद सीने में दर्द हार्ट अटैक की चेतावनी है?

जी हां, खाने के बाद सीने में दर्द कभी-कभी हार्ट अटैक की चेतावनी हो सकता है, जब लक्षण हार्ट संबंधी दिखे। इन लक्षणों में दर्द छाती के बीच में होना, दबाव या भारीपन जैसा महसूस हो, और साथ में सांस लेने में तकलीफ, पसीना, जी मिचलाना, या दर्द का बांहों, गर्दन या जबड़े तक फैल जाए तो खाने के बाद सीने में दर्द हार्ट से जुड़ी बीमारी का संकेत हो सकता है।

आपको यह बात जरूर ध्यान में रखनी चाहिए कि खाने के बाद पाचन के लिए रक्त प्रवाह बढ़ने से दिल पर दबाव पड़ सकता है, जिससे एंजाइना या दिल का दौरा पड़ सकता है, खासकर यदि व्यक्ति को पहले से ही हृदय रोग हो। ऐसे में तुरंत डॉक्टर को दिखाए।

क्या खाने के बाद सीने में दर्द पाचन की गड़बड़ी है?

आमतौर पर तो खाने के बाद सीने में दर्द पाचन की गड़बड़ी का ही संकेत होता है। एसिड रिफ्लक्स, अपच, गैस, और पेट के अल्सर आदि समस्याओं के कारण ऐसी समस्याएं देखने को मिलती है। पेट फूलना, खट्टी डकारें और मुंह में कड़वा स्वाद जैसे लक्षण भी पाचन संबंधी समस्या का ही परिणाम है।

इसलिए, जब भी आपको खाने के बाद सीने में दर्द और चक्कर आने का अनुभव हो, तो घबराएं नहीं, लेकिन सतर्कता जरूर बरतें। अपने लक्षणों पर ध्यान दें और यदि वे गंभीर लगते हैं या हार्ट के दर्द के लक्षणों की तरफ इशारा करते हैं तो डॉक्टर को अवश्य दिखाएं।

क्या बार-बार बाल नोचना OCD से जुड़ा है? जानिए Trichotillomania का संबंध?

आपने कभी न कभी यह जरूर देखा होगा कि कोई व्यक्ति बिना वजह अपने सिर के बाल को बार-बार को खींच या नोच रहा है, या पलकों के बाल तोड़ने का प्रयास कर रहा है या सिर में हाथ घुमा रहा है, और फिर खुद ही परेशान हुआ जा रहा है।

आमतौर पर हम इसे आदत मानकर नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन कभी-कभी यह मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्या या स्थिति भी हो सकती है, जिसे Trichotillomania कहते हैं।

हालांकि कई लोग इसे OCD यानी Obsessive Compulsive Disorder से जोड़ते हैं, क्योंकि इसमें भी व्यक्ति बार-बार कुछ ऐसा करता है जिसे रोकना और समझाना मुश्किल होता है। ऐसे में इस आर्टिकल में हम जानेंगे कि क्या बार-बार बोल नोचना OCD से जुड़ा हुआ है? इसका Trichotillomania से संबंध क्या है?

यह बीमारी क्या है, क्यों होती है, क्या इसके लक्षण हैं और इसका इलाज क्या है।

Trichotillomania क्या है?

Trichotillomania एक ऐसी मानसिक समस्या है जिसमें इससे प्रभावित व्यक्ति बार-बार अपने शरीर के बालों को खींचता है। इसमें व्यक्ति सबसे ज्यादा अपने सिर, अपनी भौंहें, पलकें और हाथ पैर के बालों को नोचने का प्रयास करता है और वह इस प्रक्रिया को दोहराता है। ऐसा करने पर उसे राहत मिलती है।

इस समस्या से प्रभावित व्यक्ति स्वयं भी इस प्रक्रिया को रोकना चाहते हैं, लेकिन रोक नहीं पाते हैं। कई बार तो ऐसा होता है कि व्यक्ति के द्वारा शरीर के बाल खींचने पर वह जगह खाली हो जाती है। जिससे वह व्यक्ति और भी परेशान रहता है।

क्या यह OCD जैसी बीमारी है?

देखिए, OCD और Trichotillomania दोनों में समानता जरूर होती है, लेकिन अंतर भी है। इन दोनों स्थितियों में व्यक्ति बार-बार कुछ ऐसा करता है जिसे करने की उसे बेचैनी होती है और ऐसा करने के बाद उसे राहत मिलती है। लेकिन इसके बावजूद OCD और Trichotillomania में फर्क जरूर है।

सबसे पहला अंतर यह है कि OCD में इंसान डर या सोच से घबरा कर काम करता है, जैसे बार-बार हाथ धोना या फिर कोई और काम करना। ओसीडी में व्यक्ति सफाई से जुड़ा हुआ काम ज्यादा करता है।

Trichotillomania में व्यक्ति बिना किसी डर के बाल खींचता है, और उसे उस समय थोड़ी राहत या शांति महसूस होती है। इसमें व्यक्ति खुद को राहत पहुंचाने के लिए बालों को खींचता है, या उस प्रक्रिया को बार-बार दोहराता है।

इसलिए Trichotillomania को अब एक अलग तरह की समस्या माना जाता है। इसे Body-Focused Repetitive Behavior (BFRB) में गिना जाता है। जिसका अर्थ है शरीर से जुड़ी दोहराई जाने वाली आदत।

Trichotillomania के लक्षण क्या हैं?

1.बार-बार अपने सिर, भौंह, पलकों या शरीर के बाल नोचना

2. बेचैनी होना और बाल नोचने के बाद राहत मिलना

3. बाल खींचने के कारण बाल कम हो जाना या गंजापन

4. लोगों से छिपकर अपने बालों को खींचना

5. खुद को तकलीफ देकर भी आदत को नहीं छोड़ना

Trichotillomania के कारण क्या है?

Trichotillomania के कारणों के बारे में सीधी जानकारी तो मिलना मुश्किल है, लेकिन इसके निम्नलिखित कारण हो सकते हैं।

1. तनाव या चिंता: जब व्यक्ति किसी तनाव या चिंता के कारण बहुत ज्यादा सोचता है तो सोचने के दौरान उसे इस तरह की आदत लगना संभव है।

2. दिमाग में केमिकल का असंतुलन: जब व्यक्ति के दिमाग में केमिकल का असंतुलन हो जाता है तो ऐसी समस्याएं देखने को मिलती है। जैसे सेरोटोनिन या डोपामिन की गड़बड़ी।

3. आनुवंशिक: ऐसा भी देखने में आया है कि परिवार में अगर किसी को इस तरह की आदत है तो उनके बच्चों को भी यह समस्या हो सकती है।

4. अगर किसी को बचपन में इस तरह की आदत रही हो तो वह बाद में जाकर बीमारी में बदल सकती है।

Trichotillomania का इलाज क्या है?

1. थैरेपी : यह सबसे कारगर इलाज माना गया है। इसमें खासकर Habit Reversal Therapy को अपनाते हैं, जिसमें इंसान को अपनी आदत को पहचानने और उसे रोकने के आसान तरीके सिखाए जाते हैं।

2. दवाइयां: गंभीर मामलों की स्थिति में डॉक्टर के द्वारा दवाइयां दी जाती हैं, जो मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद करती हैं।

3. योग एवं ध्यान: मन को शांत रखने और बेचैनी को कम करने के लिए योग एवं ध्यान भी बहुत महत्वपूर्ण है। कई बार डॉक्टर के द्वारा इसकी भी सलाह दी जाती है।

4. परिवार का साथ: अगर किसी व्यक्ति को इस तरह की परेशानी है तो उसे परिवार का साथ और दोस्तों के साथ रहना बहुत जरूरी होता है जिससे उसे मानसिक और भावनात्मक सपोर्ट मिलता है।

डॉक्टर से कब मिलना चाहिए?

अब सबसे आखरी सवाल की Trichotillomania स्थिति में डॉक्टर से कब मिलना चाहिए। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से तब मिलना चाहिए जब बाल खींचना आदत से ज़्यादा मजबूरी बन जाए, बाल झड़ने की वजह से शरीर में खाली जगह दिखने लगे,
अगर इस समस्या के साथ तनाव, नींद की कमी, या डिप्रेशन भी महसूस हो और जब से प्रभावित व्यक्ति खुद को चोट पहुंचाने लग जाए।

Trichotillomania कोई सामान्य आदत नहीं, बल्कि यह एक मानसिक बीमारी है जो किसी को भी हो सकती है। इसे नजरअंदाज नहीं करके, इसकी पहचान कर इलाज कराना जरूरी है। अगर आप या आपके आसपास कोई इस आदत से परेशान है, तो उसे भावनात्मक सपोर्ट दें। साथ ही, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के लिए डॉ. चौधरी हॉस्पिटल, उदयपुर में विशेषज्ञ को अवश्य दिखाएं।

क्या भोजन के बाद पेट में भारीपन और दर्द सताता है? जानिए कारण और समाधान

आपने या आपके परिवार में किसी ने कभी न कभी यह समस्या जरूर महसूस की होगी कि खाने के बाद पेट में दर्द हो रहा है या पेट भारी हो गया है। दरअसल, खाना खाने के बाद पेट में भारीपन या दर्द की समस्या आजकल आम होती जा रही है। कुछ लोगों में खाना खाते ही सीने में जलन, गैस, या पेट फूलने की समस्या देखने को मिलती है, तो कुछ को दर्द भी होता है।

अक्सर हम इस समस्या को हल्के में ले लेते हैं, लेकिन यह हमारे पाचन तंत्र से जुड़ी बड़ी समस्या का संकेत भी हो सकता है। इस आर्टिकल में हम जानेंगे कि खाना खाने के बाद पेट में भारीपन और दर्द क्यों होता है, इसके क्या लक्षण होते हैं और कैसे इसे घर पर ही आसान उपायों से ठीक किया जा सकता है।

पेट में भारीपन के कारण

1. अधिक मात्रा में खाना खाना– जब हम पेट की क्षमता से ज्यादा खाना खा लेते हैं, तो यह समस्या हो सकती है। हमारी क्षमता से अधिक भोजन करने पर पाचन तंत्र पर दबाव पड़ता है, जिससे हमें भारीपन महसूस होता है।

2. भारी, तला हुआ या मसालेदार भोजन करना – जब हम भारी, तला हुआ और बहुत ज्यादा स्पाइसी खाना खा लेते हैं, तो ऐसा खाना देर से पचता है और गैस बनाता है। जिससे भी यह समस्या हो सकती है।।

3. जल्दी-जल्दी खाना खाना – जब हम तेजी से खाते हैं तो ऐसे में खाने के साथ हवा भी पेट में जा सकती हैं, जिससे भी पेट फूला हुआ महसूस होता है।

4. कम पानी पीना – पानी सिर्फ प्यास नहीं बुझाता बल्कि भोजन पचाने के लिए भी शरीर को पानी की आवश्यकता होती है। ऐसे में पानी की कमी से पाचन धीमा हो जाता है। जिससे भी भारीपन हो सकता है।

5. तनाव और चिंता – हमारी मानसिक स्थिति का सीधा असर हमारे पाचन तंत्र पर पड़ता है। तनाव और चिंता की वजह से भी यह समस्या देखने को मिलती है।

6. कुछ विशेष बीमारियां – कुछ खास बीमारियां जैसे जैसे एसिडिटी, अल्सर, गैस्ट्राइटिस, या आईबीएस से भी यह समस्या देखने को मिलती है।

पेट में दर्द क्यों होता है?

पेट दर्द का मुख्य कारण भी पाचन से जुड़ी समस्याएं हैं। इनमें प्रमुख कारण निम्नलिखित हैं।

1. गैस या एसिडिटी

2. कब्ज या दस्त

3. अपच

4. बैक्टिरियल इन्फेक्शन

5. फूड एलर्जी

6. पेचिश या फूड पॉइजनिंग

7. पथरी या अन्य पेट के रोग

यदि पेट दर्द लगातार बना रहे या तेज हो जाए, तो यह किसी गंभीर समस्या जैसे अल्सर, अपेंडिक्स या पैंक्रियास से जुड़ा संकेत भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर को अवश्य दिखाएं।

पेट में भारीपन के लक्षण क्या है?

पेट में भारीपन के लक्षण निम्नलिखित होते हैं।

1. कम खाने पर भी पेट में भरेपन का अहसास

2. गैस बनना और बार-बार डकारें आना

3. भूख कम लगना या खाने का मन नहीं होना

4. थकान और सुस्ती महसूस होना

5. पेट में खिंचाव या जलन होना

पेट दर्द के लक्षण क्या हैं?

पेट दर्द के लक्षण निम्नलिखित होते हैं।

1. पेट में मरोड़ जैसा दर्द

2. दर्द बीच-बीच में उठने वाला या लगातार बना रहना

3. दर्द के साथ उल्टी या मिचली की समस्या

4. मल त्याग में समस्या होना

5. बुखार या ठंड लगना (इन्फेक्शन होने पर)

पेट में भारीपन और दर्द ठीक करने के सामान्य उपाय

1. भोजन के बाद टहलें – खाना खाने के बाद तुरंत बैठे या लेटे नहीं। खाने के बाद 10-15 मिनट टहलना पाचन में मदद करता है।

2. गुनगुना पानी पिएं – हर रोज सुबह हल्का गर्म पानी पीने से गैस और भारीपन में राहत मिलती है।

3. हींग और अजवाइन का सेवन करें – प्रतिदिन थोड़ी सी हींग और अजवाइन गर्म पानी के साथ लेने से पेट की गैस और दर्द में आराम मिलता है।

4. पेट पर गर्म पानी की बोतल रखें – अगर पेट दर्द और भारीपन की अधिक समस्या हो तो पेट पर गर्म पानी की बोतल रखें। इससे मांसपेशियाँ ढीली होती हैं और दर्द कम होता है।

5. छाछ और काला नमक – छाछ औषधीय गुणों से भरपूर होती है, जो पाचन को सुधारती है और काला नमक गैस कम करता है।

6. तनाव को कम करें – प्रतिदिन 15 मिनट योग, प्राणायाम या ध्यान से मानसिक शांति मिलती है, जो पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाने में सहायक है।

7. फाइबर युक्त आहार – कब्ज और अपच से बचने के लिए फल, सब्जियाँ और फाइबर युक्त अनाज का सेवन करना चाहिए।

8. तला और मसालेदार नहीं खाए – तला हुआ और मासलदार खाने से पेट दर्द की समस्या बढ़ती है। ऐसे में इस तरह का खाना खाने से बचाना चाहिए।

 

खाना खाने के बाद पेट में भारीपन और दर्द एक आम समस्या जरूर है, लेकिन इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सामान्य जीवनशैली, संतुलित आहार और अच्छी दिनचर्या अपनाकर इस समस्या को आसानी से दूर किया जा सकता है। पेट दर्द से जुडी किसी भी समस्या के लिए डॉ. चौधरी हॉस्पिटल, उदयपुर में विशेषज्ञ डॉक्टर को अवश्य दिखाएं।

Hypnic Jerk क्या है? जानिए वो वजह जिससे आप नींद में चौंककर उठ जाते हैं

क्या आपको कभी ऐसा महसूस हुआ है कि आप जैसे ही आपको नींद आने लगी, अचानक ऐसा लगा मानो आप कहीं गिर रहे हैं और झटके से उठ गए? या ऐसा झटका लगा कि आप चौंक गए? ऐसा आपके साथ जरूर हुआ होगा क्योंकि यह कोई दुर्लभ अनुभव नहीं है। यह स्वभाविक प्रक्रिया है।

इस घटना को Hypnic Jerk कहा जाता है, और यह अधिकतर लोगों को जीवन में कभी न कभी ऐसा जरूर अनुभव होता है। इस आर्टिकल में हम यह समझने का प्रयास करेंगे कि Hypnic Jerk क्या है, इसके पीछे क्या कारण होते हैं, और क्या इससे घबराने की ज़रूरत है?

Hypnic Jerk क्या होता है?

Hypnic Jerk जिसे आमतौर पर Sleep Start भी कहा जाता है, क्योंकि यह नींद की शुरुआत में ही महसूस होता है। यह वह पल होता है जब हमारा शरीर नींद में जाने वाला होता है। इसे हम बॉर्डर या गेट के रूप में भी समझ सकते हैं। जिसमें हम दोनों के बीच की लाइन को पार कर रहे हैं।

इस समय यानी नींद की स्टेज में जाने के टाइम अचानक मांसपेशियों में झटका या संकुचन होता है, जो अक्सर व्यक्ति को सोते समय लगता है। यह हल्का झटका तब होता है जब आप नींद के पहले चरण यानी NREM Sleep (Non-Rapid Eye Movement) में प्रवेश कर रहे होते हैं।

इस दौरान व्यक्ति को कुछ ऐसे अनुभव होता है वो किसी बिल्डिंग से गिर रहा है या फिर कहीं उसका पैर फिसल गया हो। साथ ही शरीर हिलना या फड़कना, हल्की बिजली जैसी सनसनी, अचानक चौंककर उठ जाना, दिल की धड़कन तेज हो जाना आदि भी इसमें महसूस होता है।

Hypnic Jerk क्यों होता है?

1. थकावट और नींद की कमी

दरअसल, शारीरिक और मानसिक थकावट होने पर मस्तिष्क जल्दी से नींद की स्थिति में जाने का प्रयास करता है। ऐसे में इस तेजी से मस्तिष्क शरीर की मांसपेशियों को ठीक से शट डाउन नहीं कर पाता, जिससे हमें झटका लगता है।

2. तनाव और चिंता

ज्यादा चिंता और तनाव के कारण हमारा मस्तिष्क उत्तेजित रहता है। जब हम सोने की कोशिश करते हैं, तो मस्तिष्क की यह सक्रियता शरीर को अचानक हिलने का संकेत देती है। ऐसे में हमें झटका लगता है।

3. कैफीन और निकोटीन का सेवन

चाय, कॉफी या धूम्रपान आदि का सेवन भी नींद में रुकावट पैदा करते हैं, और मांसपेशियों को शांत नहीं होने देते। इससे भी Hypnic Jerk की संभावना बढ़ जाती है। खासकर तब, जब आपने इनका सेवन सोने पर पहले किया हो।

4. अचानक नींद में प्रवेश

जब आप बहुत थके हुए होते हैं, तो शरीर तेज़ी से गहरी नींद चाहता है। ऐसे में मस्तिष्क को भ्रम हो सकता है कि शरीर गिर रहा है। इस भ्रम के जवाब में भी वह सक्रिय रहने का संकेत भेजता है और हमें झटका लगता है।

क्या Hypnic Jerk खतरनाक है?

जी नहीं। Hypnic Jerk आमतौर पर पूरी तरह सामान्य घटना है, और इससे शारीरिक या मानसिक किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता है। यह शरीर की स्वाभाविक प्रक्रिया है, और अधिकतर लोगों में ऐसा देखने को मिलता है।

हालांकि, यदि यह बार-बार होने लगे या फिर नींद बार-बार टूटे और इसके साथ अन्य लक्षण जैसे घबराहट, नींद नहीं आना, सांस की दिक्कत आदि का अनुभव हो, तो यह नींद से जुड़ी कोई समस्या या मानसिक तनाव का संकेत हो सकता है, और ऐसे में विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।

Hypnic Jerk से बचने के लिए क्या करें?

Hypnic Jerk से बचने के लिए सोने से 2 घंटे पहले कैफीन का सेवन नहीं करना चाहिए और स्क्रीन से दूरी बनानी चाहिए। साथ ही, सोने का एक निश्चित समय​ निर्धारित करना चाहिए और उस समय सो जाना चाहिए। अच्छी नींद के लिए आप हल्की स्ट्रेचिंग या ध्यान कर सकते हैं। साथ ही बिस्तर पर जाने से पहले रिलैक्सिंग एक्टिविटीज़ करना बहुत अच्छा रहता है, और बहुत ज्यादा थकावट से बचना चाहिए।

Hypnic Jerk भले ही आपको अजीब लगता हो, लेकिन यह एक बहुत सामान्य और स्वाभाविक प्रक्रिया है। सामान्य शब्दों में कहे तो यह शरीर के नींद में प्रवेश करते समय मांसपेशियों की प्रतिक्रिया है। इसलिए इससे घबराने की जरूरत नहीं है। बेहतर दिनचर्या और तनाव-मुक्त जीवनशैली अपनाकर इससे बचा जा सकता है।

Low BP के 5 साइलेंट सिग्नल जो शरीर भेजता है – क्या आपने नोटिस किए?

आपने कई लोगों को यह कहते जरूर सुना होगा कि उनकी बीपी लो हो गई है या​ फिर उनको लो बीपी की शिकायत है। Low BP यानी लो ब्लड प्रेशर तब होता है, जब हमारे शरीर में खून का दबाव आवश्यकता से कम हो जाता है। ऐसे में शरीर के अंगों तक खून सही तरीके से नहीं पहुंच पाता, जिससे थकावट, चक्कर आना या सुस्ती जैसे लक्षण महसूस होने लगते हैं।

कई बार इसके संकेत इतने हल्के होते हैं कि हम उन्हें मामूली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो ये गंभीर भी हो सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि हम Low BP के उन साइलेंट सिग्नल्स को समझें, और समय पर सही निर्णय लें।

इस आर्टिकल में हम निम्नलिखित विषयों पर बात करेंगे।

  1. लो बीपी क्या होता है? Low BP kya hota hai
  2. लो बीपी का लक्षण Low BP ke lakshan
  3. लो बीपी के कारण Low BP ke karan
  4. लो बीपी का उपचार Low blood pressure treatment in Hindi
  5. लो बीपी के घरेलू उपाय Low BP ke gharelu upay
  6. बीपी लो होने पर क्या करें? BP low hone par kya kare
  7. बीपी लो होने से क्या मतलब है? – Low blood pressure meaning in Hindi

Low BP का मतलब है कि खून हमारे शरीर में पर्याप्त स्पीड और दबाव से नहीं पहुंच रहा, जिससे अंगों को जरूरी ऑक्सीजन और पोषण नहीं मिल पाता है। ऐसा कभी भी हो सकता है, लेकिन शरीर इससे जुड़े संकेत जरूर देता है।

अब यह जानना आवश्यक है कि किस स्तर से नीचे का ब्लड प्रेशर लो बीपी में गिना जाएगा। दरअसल, जब BP 90/60 mmHg या उससे नीचे चला जाए तो, इसे लो ब्लड प्रेशर कहा जाता है।
ऐसा होने पर शरीर में कमजोरी, सुस्ती, और ध्यान में कमी जैसे लक्षण नजर आते हैं।

बीपी लो क्यों होता है? – Low BP ke karan

यूं तो Low BP के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे हमारा खानपान, दिनचर्या, किसी बीमारी का लक्षण या फिर दवाइयों का सेवन। यहां हम कुछ सामान्य कारणों के बारे में जानेंगे, जो इस प्रकार हैं।

  • शरीर में पानी की कमी।
  • लंबे समय तक खाली पेट रहना।
  • हार्ट की बीमारी या स्लो हार्टबीट।
  • एनीमिया या थायरॉइड की समस्या
  • अचानक खड़े होने पर BP कम होना।
  • गर्भावस्था में हार्मोनल बदलाव।
  • कुछ दवाओं का साइड इफेक्ट आदि।

बीपी लो होने के लक्षण – Low BP ke lakshan

Low BP के लक्षण शुरू में अक्सर हल्के नजर आते हैं, लेकिन समय पर ध्यान न देने पर गंभीर हो सकते हैं। ऐसे में इन लक्षणों की पहचान जरूरी हैं।

  • सिर चकराना या हल्का महसूस होना।
  • नजर का धुंधला होना।
  • थकान, कमजोरी और सुस्ती।
  • मतली या उल्टी जैसा महसूस होना।
  • धीमी या अनियमित हार्टबीट।
  • शरीर का ठंडा होना और पसीना आना।

बीपी लो होने पर 5 साइलेंट सिग्नल – BP low ke nishan

शरीर में कुछ संकेत ऐसे होते हैं जो BP कम होने की ओर इशारा करते हैं, लेकिन हम अक्सर इन्हें दूसरी वजह समझ कर नजरअंदाज कर देते हैं। ये साइलेंट सिग्नल्स समझना बेहद जरूरी है।

1. शरीर का थका हुआ या सुस्त महसूस करना

  • बिना थके हुए भी सुस्त महसूस करना।
  • ये दिमाग तक कम ऑक्सीजन पहुंचने का संकेत हो सकता है।

2. खड़े होते ही चक्कर आना

  • अचानक उठने पर सिर घूमना और चक्कर आना।
  • Orthostatic Hypotension का लक्षण हो सकता है।

3. हाथ-पैर ठंडे पड़ जाना

  • ब्लड सर्कुलेशन धीमा होने से हाथ-पैर ठंडे हो जाते है।
  • इसका मतलब है कि शरीर में खून सही से नहीं पहुंच पा रहा।

4. ध्यान या फोकस की कमी

  • कुछ सोचते-सोचते भूल जाना या बातों में खो जाना।
  • यह दिमाग तक ब्लड न पहुंचने का सीधा संकेत माना जाता है।

5. सांस फूलना और थकान

  • सीढ़ियां चढ़ते ही थक जाना और सांस का फूलना।
  • ऐसा इसलिए होता है कि क्योंकि Low BP से हार्ट को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।

कैसे पता करें कि बीपी लो है – Low BP kaise check kare

अगर Low BP की सही पहचान, समय पर हो जाए तो इलाज आसान हो जाता है। इसके लिए घरेलू और मेडिकल दोनों उपाय उपलब्ध हैं।

  • अगर संदेह है तो डिजिटल BP मशीन से दिन में 2 बार BP चेक करें।
  • अगर लगातार 90/60 mmHg या उससे कम बीपी आ रहा है तो डॉक्टर से मिलें।
  • चक्कर आना और बार-बार थकान महसूस हो रही है तो यह लो बीपी हो सकती है।

बीपी लो होने पर क्या करें? – BP low hone par kya kare

BP Low के लक्षण दिखने पर कुछ आसान उपाय कर एक बार के लिए राहत पाई जा सकती है। लेकिन इसके बाद डॉक्टर को अवश्य दिखाएं।

  • तुरंत बैठ जाएं और पैरों को ऊपर रखें।
  • थोड़ा नमक मिला पानी या इलेक्ट्रोलाइट पिएं।
  • अगर कमजोरी ज्यादा हो तो मीठा या कॉफी लें।
  • ठंडी जगह से बाहर निकलें और खुले वातावरण में रहें।
  • डॉक्टर को दिखाएं और आवश्यक दवाइयां लें।

बीपी लो को ठीक करने के घरेलू उपाय – Low BP ke gharelu upay

Low BP से राहत पाने के लिए कुछ घरेलू उपाय बहुत असरदार हैं। ये शरीर की ताकत बढ़ाकर ब्लड फ्लो को बैलेंस करते हैं। अगर आपको लो बीपी की शिकायत है तो यह घरेलू उपाय जरूर अपनाएं।

1. नमक और नींबू का पानी

एक गिलास पानी में चुटकीभर नमक और नींबू मिलाकर पिएं। इससे ब्लड सर्कुलेशन तुरंत बेहतर होता है।

2. किशमिश और बादाम

रात में 4-5 किशमिश और बादाम भिगो दें और सुबह खाएं, यह एनर्जी और आयरन दोनों का बेहतरीन स्रोत है।

3. तुलसी के पत्ते

4-5 तुलसी पत्ते रोज़ चबाएं या गर्म पानी में डालकर पिएं। यह BP और इम्यूनिटी दोनों को बैलेंस करता है।

4. ब्लैक टी या कॉफी

कम मात्रा में ब्लैक टी या कॉफी पीने से BP कुछ समय के लिए बढ़ता है। हालांकि अधिक मात्रा से बचें और इसे आदत न बनाएं।

5. पानी की मात्रा बढ़ाएं

दिन में कम से कम 8-10 गिलास पानी अवश्य पिएं। डिहाइड्रेशन भी Low BP का बड़ा कारण है।

हमें यह ध्यान रखना है कि Low BP कोई मामूली समस्या नहीं है, खासकर तब जब शरीर इसके संकेत पहले से देने लगता है। यदि आप साइलेंट लक्षणों को पहचान लेते हैं, और समय रहते उचित उपचार लेते हैं, तो इस पर नियंत्रण संभव है। किसी भी प्रकार के लक्षणों को हल्के में न लें। समय पर डॉक्टर से सलाह लें, अपनी डाइट और दिनचर्या पर ध्यान दें, इससे लो बीपी पर राहत पाई जा सकती है।

फिटनेस के चक्कर में मांसपेशियों का नुकसान? जानिए अत्यधिक वर्कआउट से होने वाले रबडोमायोलिसिस के खतरे

आज के समय में फिटनेस का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। हर कोई स्वस्थ और फिट रहना चाहता है, जिसके लिए घंटों जिम में पसीना बहाया जा रहा है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा वर्कआउट आपके शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है?

जी हां, अत्यधिक व्यायाम से मांसपेशियों को गंभीर क्षति पहुंच सकती है, जिससे रबडोमायोलिसिस (Rhabdomyolysis) नामक स्थिति उत्पन्न होने की संभावना रहती है। यह एक ऐसी समस्या है जिसमें मांसपेशियां नष्ट होने लगती हैं, और उनके अंदर मौजूद तत्व रक्त प्रवाह में मिल जाते हैं, जो शरीर के अन्य अंगों, खासकर किडनी के लिए घातक साबित हो सकता है। इस आर्टिकल में हम विस्तार से जानेंगे कि रबडोमायोलिसिस क्या है, इसके लक्षण, कारण और बचाव के उपाय क्या हैं।

रबडोमायोलिसिस (Rhabdomyolysis) क्या होता है?

रबडोमायोलिसिस एक मेडिकल कंडीशन है जिसमें मांसपेशियों की कोशिकाएं टूटने लगती हैं। मांसपेशियों में मौजूद मायोग्लोबिन नामक प्रोटीन, रक्त में घुलकर किडनी तक पहुंच जाता है। अगर यह प्रोटीन अत्यधिक मात्रा में रक्त प्रवाह में आ जाए, तो किडनी इसे फिल्टर करने में असमर्थ हो जाती है, जिससे किडनी फेल्योर तक हो सकता है। यह स्थिति उन लोगों में ज्यादा देखने को मिलती है जो अत्यधिक व्यायाम करते हैं, डिहाइड्रेटेड रहते हैं या फिर सेहत बनाने वाली दवाइयों का सेवन करते हैं।

रबडोमायोलिसिस (Rhabdomyolysis) के कारण क्या हैं?

रबडोमायोलिसिस कई कारणों से हो सकता है, जिनमें से कुछ मुख्य निम्नलिखित हैं।

अत्यधिक वर्कआउट और ओवर-ट्रेनिंग – शरीर की क्षमता से ज्यादा वर्कआउट करने से मांसपेशियों पर अत्यधिक दबाव पड़ता है, जिससे वे क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। अगर कोई व्यक्ति बिना पर्याप्त विश्राम किए लगातार एक्सरसाइज करता है, तो इसका खतरा बढ़ जाता है।

डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) – जब शरीर में पानी की मात्रा कम हो जाती है, तो मांसपेशियों को सही पोषण नहीं मिल पाता, जिससे वे जल्दी थक जाती हैं और टूटने लगती हैं। पसीने के जरिए इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन भी बिगड़ सकता है, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

दवाइयों और स्टेरॉयड्स का अधिक सेवन – कुछ स्टेरॉयड्स और हाई डोज़ पेनकिलर मांसपेशियों पर विपरीत प्रभाव डाल सकते हैं, जिससे रबडोमायोलिसिस हो सकता है।

चोट या शारीरिक आघात – किसी दुर्घटना, मांसपेशियों पर अधिक दबाव पड़ने या लंबे समय तक स्थिर बैठे रहने से भी मांसपेशियों में रक्त संचार प्रभावित हो सकता है, जिससे यह समस्या हो सकती है।

हीट स्ट्रोक और अत्यधिक गर्मी में व्यायाम – बहुत अधिक गर्मी में व्यायाम करने से शरीर का तापमान असामान्य रूप से बढ़ सकता है, जिससे मांसपेशियां जल्दी थक जाती हैं और टूटने लगती हैं।

इंफेक्शन या मेडिकल कंडीशन्स – कुछ वायरल या बैक्टीरियल इंफेक्शन भी मांसपेशियों को प्रभावित कर सकते हैं और उन्हें नष्ट करने का कारण बन सकते हैं।

रबडोमायोलिसिस के लक्षण क्या क्या होते है?

रबडोमायोलिसिस (Rhabdomyolysis) के लक्षण धीरे-धीरे या अचानक विकसित हो सकते हैं। इसके प्रमुख लक्षणों में शामिल हैं।

मांसपेशियों में तेज दर्द और सूजन – आमतौर पर यह दर्द व्यायाम के बाद कई घंटों या दिनों तक बना रह सकता है।

पेशाब का रंग गहरा या लाल-भूरा होना – यह संकेत देता है कि मायोग्लोबिन रक्त में मिल चुका है और किडनी इससे प्रभावित हो रही है।

शरीर में अत्यधिक कमजोरी और थकान – व्यक्ति को सामान्य से अधिक थका हुआ महसूस होना।

मतली, उल्टी और चक्कर आना – यह लक्षण शरीर में टॉक्सिन्स के जमा होने के कारण होते हैं।

दिल की धड़कन का तेज़ होना और बुखार आना – जब शरीर तनाव में होता है, तो हार्ट रेट बढ़ सकता है और बुखार भी आ सकता है।

रबडोमायोलिसिस का उपचार

अगर रबडोमायोलिसिस के लक्षण महसूस हों, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। हम इन सावधानियों को अपनाकर रबडोमायोलिसिस के खतरे से बच सकते हैं।

पर्याप्त पानी पिएं – हाइड्रेशन सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह रक्त से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है। इसलिए पर्याप्त पानी पिएं।

आराम करें और ओवर-ट्रेनिंग से बचें – मांसपेशियों को रिकवरी के लिए समय दें और अत्यधिक वर्कआउट से बचें। पर्याप्त आराम करें।

इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखें – शरीर में सोडियम, पोटैशियम और कैल्शियम का संतुलन बनाए रखना जरूरी है।

मेडिकल टेस्ट कराएं – ब्लड टेस्ट और यूरिन टेस्ट के जरिए डॉक्टर यह जांचते हैं कि मायोग्लोबिन और क्रिएटिन किनेस (CK) का स्तर कितना बढ़ा हुआ है।

रबडोमायोलिसिस कितना गंभीर हो सकता है?

अगर रबडोमायोलिसिस (Rhabdomyolysis)की समस्या का समय पर इलाज न किया जाए, तो यह किडनी फेल्योर, दिल की समस्याएं, और सांस लेने में कठिनाई जैसी गंभीर स्थितियों का कारण बन सकता है। इसलिए लक्षण महसूस होने पर, इसे हल्के में न लें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

फिटनेस और स्वास्थ्य जरूरी हैं, लेकिन अति किसी भी चीज़ की अच्छी नहीं होती। वर्कआउट हमेशा संतुलित और सेहत को ध्यान में रखकर विशेषज्ञ के निर्देशन में ही करें। शरीर की क्षमता को समझें और किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षण नजर आने पर सावधानी बरतें। रबडोमायोलिसिस के लक्षण दिखने पर डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।

अगर शरीर सुन्न हो रहा है तो सावधान! Guillain-Barre Syndrome हो सकता है वजह

निरोगी शरीर को जीवन का पहला सुख माना गया है, लेकिन कई बार न चाहते हुए भी हम किसी दुर्लभ बीमारी के शिकार हो जाते हैं। यदि समय पर इसका उपचार न हो तो स्थिति गंभीर हो सकती है।

ऐसी ही एक दुर्लभ बीमारी का नाम है गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) यह एक तरह का न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर है, जो शरीर के नर्वस सिस्टम को प्रभावित करता है। इस बीमारी में रोगी को मांसपेशियों में दर्द और सांस लेने से जुड़ी परेशानियां होती हैं। गंभीर मामलों में रोगी को लकवा होने की भी संभावना रहती है।

गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) क्या है?

गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) एक दुर्लभ बीमारी है, जिसमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली तंत्रिकाओं पर हमला करती है, जिससे मांसपेशियों में कमजोरी, पैरों और हाथों में संवेदनशीलता कम होना और सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्याएं होती हैं। यह बीमारी वयस्कों और पुरुषों में अधिक आम है, लेकिन यह हर उम्र के लोगों को हो सकती है।

गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) का कारण क्या है?

गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) का सही कारण अभी तक पूरी तरह से मालूम नहीं चल पाया है, लेकिन आमतौर पर यह किसी संक्रमण के बाद होता है। यह शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को प्रभावित करता है। इससे शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली नसों पर हमला करने लगती है, जिससे कमजोरी और सुन्नपन जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

कई मामलों में गुइलेन-बैरे सिंड्रोम का प्रभाव डेंगू, या अन्य वायरल संक्रमणों के बाद देखा गया है। दुर्लभ मामलों में, टीकाकरण या सर्जरी के बाद भी गिलियन-बैरे सिंड्रोम के विकसित होने की संभावना होती है, लेकिन ऐसा बहुत कम होता है।

गुइलेन-बैरे सिंड्रोम के लक्षण क्या हैं?

अगर आपको इनमें से कोई भी लक्षण महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें

  • पैरों की उंगलियों, टखनों या कलाई में सुई चुभने जैसा महसूस होना।
  • कमजोरी जो पैरों से शुरू होकर ऊपर की ओर फैलती है।
  • चलने और सीढ़ियां चढ़ने में कठिनाई।
  • बोलने, चबाने, निगलने या चेहरे की गतिविधियों में समस्या।
  • दोहरी दृष्टि और आंखें हिलाने में कठिनाई।
  • तेज दर्द, चुभन या ऐंठन वाला दर्द, जो अक्सर रात में बढ़ता है।
  • मूत्राशय या आंत्र को नियंत्रित करने में कठिनाई।
  • तेज़ हृदय गति और उच्च या निम्न रक्तचाप।
  • छाती की मांसपेशियों में कमजोरी, जिससे सांस लेने में समस्या होती है।
  • अचानक कमजोरी महसूस होना, चक्कर आना, बेहोशी आदि।

गुइलेन-बैरे सिंड्रोम के प्रकार

गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) के तीन मुख्य प्रकार निम्नलिखित हैं।

1. एक्यूट इन्फ्लेमेटरी डिमाइलिनेटिंग पॉलीरेडिकुलोन्यूरोपैथी (AIDP)

  • यह गुइलेन-बैरे सिंड्रोम का सबसे आम प्रकार है।
  • इसमें सबसे पहले पैरों में कमजोरी महसूस होती है, जो धीरे-धीरे शरीर के ऊपरी हिस्सों तक पहुंचती है।
  • इसमें नसों की बाहरी परत को नुकसान पहुंचता है, जिससे नसें सही से काम नहीं कर पातीं हैं।

2. मिलर फिशर सिंड्रोम (MFS)

  • यह गुइलेन-बैरे सिंड्रोम एक दुर्लभ प्रकार है।
  • इसमें सबसे पहले आंखों की मांसपेशियां प्रभावित होती हैं।
  • इससे आंखों की गतिविधियों में भी परेशानी होती है, और शरीर का संतुलन बनाए रखना मुश्किल होता है।

3. तीव्र मोटर एक्सोनल न्यूरोपैथी (AMAN) और तीव्र मोटर-सेंसरी एक्सोनल न्यूरोपैथी (AMSAN)

  • गुइलेन-बैरे सिंड्रोम के इस प्रकार में नसों को सबसे अधिक नुकसान होता है।
  • तीव्र मोटर एक्सोनल न्यूरोपैथी (AMAN) में केवल मांसपेशियों को नियंत्रित करने वाली नसें प्रभावित होती हैं।
  • तीव्र मोटर-सेंसरी एक्सोनल न्यूरोपैथी (AMSAN) में नसों की कमजोरी के साथ-साथ शरीर के स्पर्श और दर्द महसूस करने की क्षमता भी कम हो जाती है।
  • इन दोनों में लक्षण गंभीर होते हैं और ठीक होने में समय लगता है

गुइलेन-बैरे सिंड्रोम का उपचार क्या है?

गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) का इलाज जितना जल्दी शुरू किया जाए, अच्छा रहता है क्योंकि देरी होने पर यह गंभीर भी हो सकता है। इसमें रोगी को ठीक होने में 6 महीने से 2 साल तक का समय लग सकता है।

इसमें दो प्रमुख उपचार प्रक्रियाओं को अपनाया जाता है:

1. प्लाज़्मा एक्सचेंज (Plasma Exchange)

  • इस उपचार प्रक्रिया में मरीज के खून से खराब प्लाज़्मा को बाहर निकाला जाता है।
  • फिर इसे नया प्लाज़्मा या खून से बदल दिया जाता है।
  • यह प्रक्रिया शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को सही करने में मदद करती है और नसों को होने वाली क्षति को कम करती है।

2. इम्यूनोग्लोबुलिन थेरेपी (IVIG)

  • इस उपचार प्रक्रिया में शरीर के लिए जरूरी एंटीबॉडीज का इंजेक्शन दिया जाता है।
  • इससे शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को सही दिशा में काम करने के लिए मदद मिलती है।
  • यह उपचार शरीर की खराब प्रतिरक्षा प्रणाली को शांत करता है, जिससे नसों की सुरक्षा होती है और रिकवरी की संभावना बढ़ती है।

अगर आप गुइलेन-बैरे सिंड्रोम के लक्षण महसूस करते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें

Developed with by nDimensions